BAN vs AUS 2026- बांग्लादेश ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया से पहली बार जीती वनडे सीरीज

दोस्तो 11 जून 2026 का दिन क्रिकेट इतिहास के लिए बहुत ही खास रहा हैं, खासकर बांग्लादेश क्रिकेट के लिए जिसे वो कभी नहीं भूल पाएंगे, ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के जबरदस्त उत्साह के बीच, बांग्लादेशी टाइगर्स ने दूसरे वनडे में छह बार की वर्ल्ड कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रच दिया। तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत दर्ज की और रच दिया इतिहास, आइए जानें पूरी डिटेल्स

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की वनडे क्रिकेट में सबसे खराब शुरुआत में से एक रही। बांग्लादेश की तेज गेंदबाजी जोड़ी, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया और मेहमान टीम के तीन विकेट बिना कोई रन बनाए गिरा दिए।

मैट शॉर्ट, कूपर कोनोली और मैट रेनशॉ सभी बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे ऑस्ट्रेलिया हैरान रह गया। टीम का पतन जारी रहा और 65 रन के स्कोर पर ही आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम पवेलियन लौट गई।

इस उथल-पुथल के बीच, मार्नस लाबुशेन ने डटकर खेलते हुए नाबाद 55 रन बनाए और पारी को संभाला। बारिश के कारण मैच के ओवर कम करने पड़े और आखिरकार ऑस्ट्रेलिया 42 ओवर में 187/8 का स्कोर बनाने में सफल रहा।

तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लिए, जबकि तनवीर इस्लाम ने दो अहम विकेट चटकाए। नाहिद राणा ने भी विकेट न मिलने के बावजूद अपनी गति और अनुशासन से प्रभावित किया।

बांग्लादेश ने शानदार अंदाज में लक्ष्य हासिल किया

बारिश ने एक बार फिर दखल दिया, जिससे बांग्लादेश का लक्ष्य 41 ओवर में 192 रन कर दिया गया। मेजबान टीम को शुरुआती झटका तब लगा जब तंजिद हसन बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन सौम्य सरकार और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 42-42 रनों की अहम पारियां खेलकर पारी को संभाला।

लिटन दास ने 21 रन बनाए, जिसके बाद तौहीद हृदोय ने संयम के साथ नाबाद 40 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करने की जिम्मेदारी संभाली। मेहदी हसन मिराज 22 रन पर नाबाद रहे और बांग्लादेश ने आसानी से जीत हासिल करते हुए 35 ओवर में पांच विकेट शेष रहते लक्ष्य प्राप्त कर लिया।