New Rule: 1 जनवरी 2025 यानि आज से बदल जाएंगे ये 10 नियम, जिनका पड़ेगा आपकी जेब पर असर
pc: dnaindia
नए साल की शुरुआत के साथ ही पर्सनल फाइनेंस और बैंकिंग से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो जाएंगे। 1 जनवरी 2025 से कई नए नियम लागू हो जाएंगे, जिनका सीधा असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और फाइनेंशियल प्लानिंग पर पड़ेगा। इन बदलावों में LPG सिलेंडर की कीमतों, पेंशन और UPI सेवाओं से जुड़े नियम शामिल हैं। आइए इन बदलावों पर विस्तार से नज़र डालते हैं।
LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की शुरुआत में सरकार LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती है। इस बार भी 1 जनवरी 2025 को 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 14 रुपए 50 पैसे सस्ता हो गया है।
कार की कीमतों में बढ़ोतरी
अगर आप कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपको 1 जनवरी से ज़्यादा खर्च करना पड़ सकता है। मारुति सुजुकी, हुंडई, महिंद्रा और बीएमडब्ल्यू जैसी प्रमुख ऑटो कंपनियां कार की कीमतों में 3% तक की बढ़ोतरी करने वाली हैं।
राशन कार्ड के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया
सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। 31 दिसंबर 2024 तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले राशन कार्ड 1 जनवरी 2025 से रद्द कर दिए जाएंगे।
पेंशन निकासी नियमों में सुधार
ईपीएफओ ने पेंशनभोगियों के लिए नियम आसान कर दिए हैं। अब वे देश के किसी भी बैंक से अपनी पेंशन निकाल सकते हैं और इसके लिए किसी अतिरिक्त सत्यापन की जरूरत नहीं होगी।
ईपीएफओ सदस्यों के लिए एटीएम सुविधा
सरकार ईपीएफओ के तहत पंजीकृत कर्मचारियों के लिए एटीएम कार्ड सुविधा शुरू करने की योजना बना रही है। इससे कर्मचारी अपने पीएफ खाते से आसानी से पैसा निकाल सकेंगे।
फीचर फोन यूजर्स के लिए यूपीआई लिमिट में बढ़ोतरी
यूपीआई 123पे सेवा के तहत फीचर फोन यूजर्स अब ₹10,000 तक का भुगतान कर सकेंगे। पहले यह सीमा ₹5,000 थी।
फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए नए नियम
RBI ने NBFC और HFC के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। ये नियम 1 जनवरी, 2025 से लागू होंगे और इनसे डिपॉजिट की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
अमेरिकी वीजा नियमों में बदलाव
भारत में अमेरिकी दूतावास गैर-आप्रवासी वीजा आवेदकों को 1 जनवरी, 2025 से एक बार अपनी अपॉइंटमेंट रीशेड्यूल करने की अनुमति देगा। इसके बाद रीशेड्यूल करने के लिए शुल्क लिया जाएगा।
सेंसेक्स और बैंकिंग डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट की नई तारीखें
BSE ने घोषणा की है कि 1 जनवरी, 2025 से सेंसेक्स और बैंकेक्स के साप्ताहिक कॉन्ट्रैक्ट शुक्रवार की जगह हर मंगलवार को एक्सपायर होंगे।
जनवरी में 15 दिन बैंक बंद रहेंगे
जनवरी में बैंक कुल 15 दिन बंद रहेंगे। इसमें रविवार, दूसरा और चौथा शनिवार और त्योहारों की छुट्टियां शामिल हैं। हालांकि, RBI की ओर से छुट्टियों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है।
