Health Tips- क्या आपका दिल हेल्दी हैं, इन आसान संकेतों से करें पता
दोस्तो हाल ही के सालों में आपने देखा हैं कि कम उम्र में ही लोगो को हार्ट अटैक की शिकायत हो रही हैं और जानें जा रही हैं, अक्सर लोग हार्ट से जुड़ी बीमारी के लक्षणों पर ध्यान देते हैं, लेकिन कुछ संकेत ऐसे भी हैं जो बताते हैं कि आपका दिल अच्छी तरह काम कर रहा है। इन संकेतों का हमें पता होना चाहिए, आइए जानते हैं इनके बारे में-
भारत में हृदय रोगों का बोझ लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। देश में होने वाली कुल मौतों में गैर-संचारी रोगों (NCDs) की हिस्सेदारी 63% है, जबकि इनमें 27% मौतें हृदय संबंधी बीमारियों के कारण होती हैं। 40 से 69 वर्ष की उम्र के लोगों में होने वाली मौतों में CVD की भूमिका करीब 45% बताई गई है।

वहीं, ICMR-INDIAB के राष्ट्रीय अध्ययन में लगभग 1.13 लाख वयस्कों को शामिल किया गया। अध्ययन में 35% से अधिक लोगों में हाई ब्लड प्रेशर, 11.4% में डायबिटीज, 15.3% में प्री-डायबिटीज और 28.6% में सामान्य मोटापा पाया गया।
आइए जानते हैं डॉक्टर के मुताबिक कौन-से संकेत अच्छे हार्ट हेल्थ की ओर इशारा कर सकते हैं।
सामान्य रेस्टिंग हार्ट रेट
सामान्य स्थिति में आराम करते समय 60 से 100 बीट प्रति मिनट की हार्ट रेट आम तौर पर स्वस्थ मानी जाती है। जो लोग नियमित रूप से फिटनेस या व्यायाम करते हैं, उनमें यह दर इससे कम भी हो सकती है।
ब्लड प्रेशर सामान्य रहना
लगभग 120/80 mmHg का ब्लड प्रेशर सामान्य स्वास्थ्य के लिए एक अच्छा संकेत माना जाता है। खासकर 40 वर्ष की उम्र के बाद ब्लड प्रेशर की नियमित निगरानी करना महत्वपूर्ण है।
सीढ़ियां चढ़ने पर सांस न फूलना
अगर आप सामान्य गति से चलते हैं या सीढ़ियां चढ़ते समय असामान्य रूप से सांस नहीं फूलती, तो यह अच्छी कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस का संकेत हो सकता है। लेकिन थोड़ी दूरी चलने पर ही सांस फूलना, अत्यधिक थकान या पहले की तुलना में व्यायाम क्षमता कम होना नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

व्यायाम के बाद हार्ट रेट जल्दी सामान्य होना
व्यायाम या दौड़ने के दौरान हार्ट रेट बढ़ना स्वाभाविक है। लेकिन एक्सरसाइज खत्म करने के बाद अगर हार्ट रेट कुछ समय में धीरे-धीरे सामान्य स्तर की ओर लौट आता है, तो यह अच्छी फिटनेस का संकेत हो सकता है।
शारीरिक गतिविधि के दौरान सीने में दर्द न होना
चलने, व्यायाम करने या सीढ़ियां चढ़ने के दौरान सीने में दर्द, दबाव या जकड़न न होना भी एक सकारात्मक संकेत हो सकता है। फिर भी इसका मतलब यह नहीं कि भविष्य में हृदय रोग का खतरा बिल्कुल नहीं है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है।
पैरों और टखनों में बिना वजह सूजन न होना
पैरों, टखनों या तलवों में लगातार और बिना किसी स्पष्ट कारण के सूजन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शरीर में द्रव जमा होने के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें हृदय से जुड़ी समस्याएं भी शामिल हैं।
