Health Tips- क्या आपके पेट से अजीब आवाजें आती है, जानिए क्या होता हैं इसका मतलब
दोस्तो आपने कई बार महसूस किया होगा कि खासकर जब अकेले बैठे रहते हैं कि आपके पेट से गुड़गुड़ या गड़गड़ाहट की आवाज आने लगती है। अक्सर लोग इसे भूख से जोड़ते हैं, लेकिन हर बार पेट की आवाज का कारण भूख नहीं होता। पाचन तंत्र की सामान्य गतिविधि, गैस, खाली पेट और खान-पान में बदलाव भी इन आवाजों की वजह बन सकते हैं। आइए जानते हैं कौनसे स्वास्थ्य सकेंत देती हैं ये आवाजें-

पेट में गुड़गुड़ की आवाज क्यों आती है?
हमारा पाचन तंत्र लगातार सक्रिय रहता है। खाना खाने के बाद पेट और आंतों की मांसपेशियां सिकुड़ती और फैलती हैं, जिससे भोजन और तरल पदार्थ पाचन तंत्र में आगे बढ़ते हैं। इस प्रक्रिया को पेरिस्टाल्सिस (Peristalsis) कहा जाता है।
इसी दौरान आंतों में मौजूद गैस और तरल पदार्थ भी आगे बढ़ते हैं, जिससे पेट में गुड़गुड़ या गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दे सकती है।
खाली पेट आवाज ज्यादा क्यों आती है?
खाली पेट पेट की आवाज अधिक स्पष्ट सुनाई दे सकती है। इसका एक कारण यह है कि पेट में भोजन कम होने के कारण आवाज को दबाने वाला पदार्थ मौजूद नहीं होता।
भूख के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव भी पाचन तंत्र की गतिविधियों को प्रभावित कर सकते हैं। इससे पेट और आंतों में हलचल बढ़ सकती है और आवाज ज्यादा सुनाई दे सकती है।
पेट में गैस भी हो सकती है वजह
पेट में गुड़गुड़ की एक आम वजह गैस भी है। खाना या पानी पीते समय थोड़ी मात्रा में हवा पेट में चली जाती है। अगर कोई व्यक्ति बहुत जल्दी खाना खाता है, तो अधिक हवा निगलने की संभावना बढ़ जाती है।
इसके अलावा कुछ खाद्य पदार्थ आंतों में गैस बनने को बढ़ा सकते हैं। जब गैस आंतों में आगे बढ़ती है, तो उससे भी आवाज पैदा हो सकती है।
कब्ज, अपच और अचानक खान-पान में बदलाव भी आंतों की गतिविधियों को प्रभावित करके पेट की आवाज बढ़ा सकते हैं।

कब पेट की आवाज को गंभीरता से लेना चाहिए?
सिर्फ पेट में गुड़गुड़ होना आमतौर पर चिंता की बात नहीं है। लेकिन अगर इसके साथ अन्य लक्षण भी लगातार बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें:
तेज या लगातार पेट दर्द
बार-बार उल्टी होना
लगातार दस्त
पेट में अत्यधिक या लगातार सूजन
मल त्याग करने में परेशानी
गैस या मल पास करने में कठिनाई
पेट की आवाज के साथ लगातार असहजता
ऐसी स्थिति में खुद से दवा लेने के बजाय समस्या के सही कारण का पता लगाने के लिए चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
पेट की गुड़गुड़ाहट कम करने के लिए क्या करें?
खाना धीरे-धीरे खाएं और भोजन को अच्छी तरह चबाएं।
खाना खाते समय बहुत अधिक हवा निगलने से बचें।
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
लंबे समय तक लगातार खाली पेट रहने से बचें।
नियमित और संतुलित आहार लें।
डाइट में अचानक बड़े बदलाव न करें।
बहुत तेजी से खाना खाने की आदत से बचें।
नियमित शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
क्या पेट से आवाज आना सामान्य है?
हां, ज्यादातर मामलों में पेट से आने वाली गुड़गुड़ या गड़गड़ाहट पाचन तंत्र की सामान्य गतिविधि का हिस्सा होती है। इसलिए केवल आवाज आने से घबराने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, अगर पेट की आवाज के साथ दर्द, उल्टी, दस्त, अत्यधिक सूजन या मल त्याग से जुड़ी समस्या भी हो रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करना समझदारी है।
