Health ATM- उत्तर प्रदेश के अस्पताल हुए डिजीटल, हेल्थ एटीएम से होगी जांच
दोस्तो उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार ने एक राहत भरा निर्णय लिया हैं,अब राज्य के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगे हेल्थ एटीएम (Health ATM) के जरिए मरीजों को सभी उपलब्ध मेडिकल जांच मुफ्त कराने की सुविधा मिलेगी। आइए जानते हैं इसके बारे में पूरी डिटेल्स

पहले मेडिकल जांच के लिए देना पड़ता था शुल्क
अब तक हेल्थ एटीएम का संचालन करने वाली एजेंसियां मरीजों से विभिन्न जांचों के लिए पैसे वसूलती थीं। कुछ ब्लड टेस्ट के लिए मरीजों को 50 रुपये तक देने पड़ते थे। इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत हेल्थ एटीएम का संचालन ऐसी एजेंसी को सौंपा जाएगा, जो मरीजों की सभी उपलब्ध जांच बिना किसी शुल्क के करेगी। इसके बदले सरकार संबंधित एजेंसी को भुगतान करेगी।
हेल्थ एटीएम में कौन-कौन सी जांच होंगी?
हेल्थ एटीएम आधुनिक तकनीक से लैस एक डिजिटल मेडिकल कियोस्क है, जिसके माध्यम से कुछ ही मिनटों में कई जरूरी स्वास्थ्य जांच की जा सकती हैं।
इन मशीनों के जरिए प्रमुख रूप से निम्नलिखित जांच और स्वास्थ्य संबंधी माप किए जा सकते हैं:

ब्लड प्रेशर (BP) की जांच
ब्लड शुगर टेस्ट
हीमोग्लोबिन की जांच
लिपिड प्रोफाइल टेस्ट
शरीर में फैट की मात्रा का पता लगाना
पल्स रेट की जांच
शरीर का तापमान मापना
ब्लड ऑक्सीजन लेवल (SpO2) की जांच
अन्य उपलब्ध बायोकेमिकल जांच
डिजिटल तकनीक और टेली-कंसल्टेशन की सुविधा
हेल्थ एटीएम की एक बड़ी खासियत यह है कि ये डिजिटल तकनीक और टेली-कंसल्टेशन सुविधा से जुड़े होते हैं। इससे मरीज जांच कराने के बाद ऑनलाइन डॉक्टर से परामर्श भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस व्यवस्था से मरीजों को शुरुआती स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह के लिए बार-बार अस्पतालों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो सकती है।
