Geyser Tips- पुराना हो गया हैं गीजर, फटने का हैं डर, जानिए इसके अलर्ट
दोस्तो सर्दी शुरु होते ही लोग गर्म पानी का इस्तेमाल नहाने के लिए करते हैं, इसलिए घरों में गीजर (Water Heater) का इस्तेमाल बढ़ जाता है। सुबह नहाने से लेकर किचन में गर्म पानी की जरूरत तक, गीजर रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाता है। लेकिन लंबे समय से इस्तेमाल हो रहा गीजर अचानक खराब हो सकता है। अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो अचानक गर्म पानी बंद होने, पानी लीक होने और महंगे रिपेयर खर्च से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं इन संकेंतों के बारे में-

1. गीजर के आसपास बार-बार पानी जमा होना
अगर आपके गीजर के नीचे या आसपास बार-बार पानी जमा हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह टैंक में लीकेज का संकेत हो सकता है। लंबे समय तक इस्तेमाल करने से टैंक के अंदर जंग लग सकती है, जिससे उसमें दरार या छेद होने की आशंका बढ़ जाती है।
2. गर्म पानी का रंग पीला या भूरा होना
अगर नल से आने वाला गर्म पानी पीला, भूरा या जंग जैसा दिखाई देता है, जबकि ठंडा पानी साफ है, तो गीजर के अंदर जंग लगने की संभावना हो सकती है।
गीजर के टैंक में मौजूद एनोड रॉड जंग से बचाव करती है, लेकिन समय के साथ यह भी खराब हो जाती है। इसे समय-समय पर बदलने से टैंक की उम्र बढ़ सकती है।

3. गीजर से अजीब आवाजें आना
अगर पानी गर्म करते समय गीजर से खड़खड़ाहट, धमक या पॉपिंग जैसी आवाजें आती हैं, तो यह खराबी का संकेत हो सकता है।
पानी में मौजूद मिनरल्स और अशुद्धियां धीरे-धीरे टैंक के नीचे जमा होकर कठोर परत बना सकती हैं। इससे हीटिंग प्रभावित होता है और गीजर में आवाजें आने लगती हैं।
4. पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगना
अगर आपका गीजर पहले की तुलना में ज्यादा समय लेकर पानी गर्म कर रहा है या गर्म पानी जल्दी खत्म हो जाता है, तो इसकी जांच करवाना जरूरी है।
टैंक में मिनरल्स जमा होने, थर्मोस्टेट खराब होने या हीटिंग एलिमेंट में समस्या आने से ऐसा हो सकता है। हालांकि, परिवार के सदस्यों की संख्या बढ़ने या एक साथ कई जगह गर्म पानी इस्तेमाल करने से भी ऐसा हो सकता है।
5. बार-बार खराब होना और रिपेयर का खर्च बढ़ना
अगर गीजर बार-बार खराब हो रहा है और हर बार मरम्मत पर पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, तो नया गीजर खरीदना बेहतर विकल्प हो सकता है।
आमतौर पर टैंक वाले गीजर 10 से 15 साल तक चल सकते हैं, जबकि इंस्टेंट गीजर 20 साल या उससे अधिक समय तक चल सकते हैं। हालांकि, इनकी वास्तविक उम्र पानी की गुणवत्ता, इस्तेमाल और रखरखाव पर निर्भर करती है।
