Digital Detox – कैसे करें अपने आप को डिजिटल डिटॉक्स, इससे शरीर में क्या होता है
दोस्तो आज के आधुनिक युग में स्मार्टफोन हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन गए है, जिनको हम सुबह उठते ही देखना, नाश्ते के दौरान Reels चलाना, खाना खाते समय शॉर्ट वीडियो देखना और रात को सोने से पहले लगातार स्क्रॉल करना, आदत बन गई हैं, कुछ लोग तो कुछ मिनट के लिए फोन उठाते हैं, लेकिन कब घंटों Reels देखने लगते हैं, इसका पता ही नहीं चलता। लेकिन अगर आप लगातार 7 दिनों तक Reels और दूसरे शॉर्ट-फॉर्म वीडियो से दूरी बना लें, तो क्या होगा? इसका असर आपकी दिनचर्या, एकाग्रता और नींद पर दिखाई दे सकता है, आइए जानते हैं आप कैसे अपने आप डिटॉक्स कर सकते हैं-

पहले 1-2 दिन हो सकती है बेचैनी
Reels छोड़ने के शुरुआती दिनों में बार-बार फोन चेक करने की इच्छा हो सकती है। खाली समय में बोरियत, बेचैनी या यह महसूस होना कि कुछ मिस हो रहा है, सामान्य अनुभव हो सकता है।
क्योंकि फोन और Reels देखना आपकी ऑटोमैटिक आदत बन चुकी होती है। इंतजार करते समय, तनाव में या बिना किसी काम के भी हाथ अपने आप फोन की तरफ बढ़ सकता है।
सप्ताह के बीच में बढ़ सकता है फोकस
कुछ दिनों तक लगातार Reels से दूरी बनाने के बाद कई लोगों को अपने ध्यान और एकाग्रता में सुधार महसूस हो सकता है। लंबे समय तक किसी काम पर ध्यान देना पहले की तुलना में आसान लग सकता है।
इसके साथ ही व्यक्ति यह समझने लगता है कि वह फोन कब और क्यों उठाता है। लगातार तुरंत मनोरंजन पाने की आदत कम होने पर बातचीत, पढ़ाई, काम और रोजमर्रा की गतिविधियों में मौजूद रहना भी आसान हो सकता है।

नींद की गुणवत्ता में हो सकता है सुधार
अगर आपकी आदत रात में देर तक Reels देखने की है, तो 7 दिन का ब्रेक नींद के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करने से दिमाग को आराम करने का मौका मिलता है।
इससे रात में बार-बार फोन देखने और “बस एक और वीडियो” के चक्कर में देर तक जागते रहने की आदत पर नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती है।
दिनचर्या में आएगा बदलाव
Reels से दूरी बनाने पर आपको अपने दिन में अतिरिक्त समय मिलने का एहसास हो सकता है। इस समय को एक्सरसाइज, वॉक, किताब पढ़ने, परिवार के साथ समय बिताने या किसी पसंदीदा काम में लगाया जा सकता है।
धीरे-धीरे फोन मनोरंजन का एकमात्र साधन न रहकर जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल होने वाला उपकरण बन सकता है।
