मनोरंजन जगत में शोक की लहर, दूसरे बच्चे को जन्म देते हुए मिस एशिया वर्ल्ड का निधन
Angy Morad: अपनी बेमिसाल खूबसूरती और टैलेंट के लिए पहचानी जाने वाली एंजी मोराद एक चर्चित नाम थीं। हालांकि, इस बार वह किसी उपलब्धि के कारण नहीं, बल्कि एक दुखद घटना की वजह से सुर्खियों में हैं। लोकप्रिय सीरियाई मॉडल और अभिनेत्री एंजी मोराद ने महज 33 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

उनके असामयिक निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और पूरी इंडस्ट्री को स्तब्ध कर दिया है। अचानक आई इस खबर ने उनके चाहने वालों को झकझोर कर रख दिया, और कई लोग अब तक इस सच्चाई पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।
दूसरे बच्चे को जन्म देते समय हुआ निधन
बता दें कि एंजी मोराद अपने दूसरे बच्चे की मां बनने वाली थीं। उन्होंने समीर हकी के साथ विवाह किया था। उनके निधन की पुष्टि खुद उनके पति समीर हकी और उनकी मां एनी ओरफला ने की है।
एक बयान में समीर हकी ने कहा, "मैं अपनी पत्नी, अपनी सबसे प्रिय साथी के निधन से पूरी तरह टूट चुका हूं। उनका जाना मेरे जीवन में एक गहरा शून्य छोड़ गया है।"
उनसे पहले, एंजी की मां ने भी इस दुखद घटना की पुष्टि की थी।

बीमारी बनी मौत की वजह
एंजी की मां ने बताया कि उनकी बेटी के शरीर में सूजन आ रही थी। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ जरूरी जांचें करवाने के लिए लेबनान भेजा, लेकिन जांच में कोई गंभीर संक्रमण नहीं पाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दवाएं लेने की सलाह दी, जिन्हें एंजी ने नहीं लिया। कुछ ही दिनों में उनका मामूली संक्रमण तेजी से गंभीर रूप ले चुका था।
दुर्भाग्यवश, डिलीवरी के दौरान नवजात शिशु की भी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, एंजी मोराद को निमोनिया हो गया था, जिससे उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
'मैं मर रही हूं, मुझे माफ कर दो' – आखिरी पोस्ट वायरल
एंजी मोराद के निधन के बाद उनका एक पुराना फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
26 जनवरी 2025 को किए गए इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था – "मैं मर रही हूं, मुझे माफ कर दो।"
इस पोस्ट के सामने आने के बाद कई फैंस यह अंदाजा लगा रहे हैं कि एंजी को अपनी बिगड़ती सेहत का एहसास पहले ही हो चुका था, और शायद उन्हें यह आभास था कि उनका समय नजदीक आ रहा है।
उनकी असामयिक मृत्यु ने मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को शोक में डाल दिया है।
