पिछले कई दिनों से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच अब उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। अब ​अंतिम निर्णय पार्टी को ही लेना है।

बता दें कि रॉबर्ट वाड्रा का जन्मदिन 18 अप्रैल को है, लेकिन वे करीब एक सप्ताह पहले से ही जरूरतमंद बच्चों के बीच जाकर अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वाड्रा देश की राजधानी दिल्ली में जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचे हुए थे, उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि वे कई साल से इसी तरीके से गरीब बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाते आ रहे हैं।

लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि जनता हमारी मेहनत देख रही है, इस बार के चुनाव में जनता परिवर्तन चाहती है। इस चुनाव में पूरे भारत की जीत होगी। चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत होगी।

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने के सवाल पर वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे मेहनत और लगन से पूरा करेंगे। बता दें कि प्रियंका गांधी यह बात स्वयं कह चुकी हैं कि वे वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हैं, बस पार्टी की हां का इंतजार है।

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव बनने के बाद से प्रियंका लगातार सक्रिय हैं। प्रियंका गांधी अपनी पार्टी के लिए यूपी के विभिन्न इलाकों में चुनाव प्रचार कर रही हैं।

Related News