क्या आपने कभी सोचा कि अगर आपको 360 यात्रियों की सीटों वाले बड़े बोईंग 777 में अकेले सफर करने का मौका मिले तो कैसा हो? मुंबई के एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ। 40 साल के भावेश जावेरी स्‍टारजेम्‍स ग्रुप के सीईओ हैं। उनका ऑफिस दुबई में है और उनका दुबई और मुंबई आना जाना लगा रहता है। लेकिन 19 मई को कुछ ऐसा हुआ जिसे वे कभी नहीं भूल सकते। उन्‍होंने काम के सिलसिले में एयरलाइंस एमिरेट्स से कॉल करके एक हफ्ते पहले दुबई का टिकट बुक कराया था। इसकी कीमत 18 हजार रुपये थी।

वे हमेशा बिजनेस क्लास में सफर करते हैं लेकिन इस बार उन्‍होंने इकोनॉमी क्‍लास का टिकट लिया था। उनकी फ्लाइट का समय 4:30 बजे था। जब वे फ्लाइट पकड़ने पहुंचे तो हैरान रह गए क्योकिं फ्लाइट में क्रू मेंबर और उनके सिवा और कोई यात्री नहीं था। इतने बड़े प्लेन में अकेले सफर करने को लेकर वे बेहद ही उत्साहित हो गए। एयर हॉस्‍टेजेज और कैप्‍टन ने उनका तालियों से स्‍वागत किया।


जानकारी के लिए बता दें कि ढाई घंटे के फ्लाइट में बोइंग 777 विमान में 8 लाख रुपये का ईंधन लगता है। ऐसे में केवल एक यात्री को मुंबई से दुबई ले जाने का एमिरेट्स का फैसला अलग था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक भारतीय अफसर ने बताया कि ऐसा तभी संभव होता है जब दुबई से विमान अच्‍छी संख्‍या में यात्रियों को लेकर मुंबई आया हो और उसे हर हाल में वापस दुबई लौटना होगा। ऐसे में एयरलाइंस ने उसी फ्लाइट में भावेश को टिकट दे दिया होगा। वैसे मुंबई से दुबई रूट पर एक चार्टर्ड फ्लाइट का किराया 70 लाख रुपये होता है।

Related News