कोरोना वायरस तबाही का और कितना खतरनाक मंजर दिखाएगा, यह किसी को नहीं पता। भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जहां एक दिन में कोरोना के 4 लाख से अधिक पॉजिटिव केस मिले हैं। यह अपने आप में डराने वाला रिकॉर्ड है। देश में शुक्रवार को कोरोना के अब तक के सर्वाधिक 4 लाख 02 हजार 110 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 91 लाख 57 हजार 094 हो गई। साथ ही देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 32 लाख पार कर गई है।

शुक्रवार को एक दिन में 3522 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इस तरह से कोरोना संक्रमण के कारण अब तक दम तोड़ चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,11,836 हो गई। सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अब यह बढ़कर 32,63,966 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.90 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की दर गिरकर 81.99 प्रतिशत हो गई है। देश में अब तक 1,56,73,003 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि, मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है।

देश में संक्रमण के एक दिन में सामने आए नए मामलों में से 73.05 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों में सामने आए हैं। इनमें कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान भी शामिल हैं।

Related News