यह साल वैसे तो कोरोना वायरस पैनडेमिक और लॉकडाउन के लिए याद किया जाएगा, मगर बॉलीवुड में इस साल जितने विवाद हुए हैं, वो भी अभूतपूर्व हैं। किसी एक साल में इतनी कंट्रोवर्सी शायद ही पहले कभी देखी गयी हों।

1. दीपिका पादुकोण- छपाक की रिलीज़ से पहले जेएनयू का दौरा
साल की शुरुआत में पहले विवाद का केंद्र बनीं दीपिका पादुकोण, जिनकी फ़िल्म छपाक इस साल रिलीज़ हुई थी। दरअसल, दीपिका ने फ़िल्म की रिलीज़ से ठीक पहले जनवरी में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय का दौरा किया था, जहां कुछ छात्र पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन पर बैठे हुए थे। दीपिका की इस विजिट को सोशल मीडिया में ख़ूब उछाया गया।


2 . सुशांत सिंह राजपूत डेथ- हत्या या आत्महत्या?

सुशांत सिंह राजपूत का दुखद निधन इस साल उनके करोड़ों फैंस के लिए झटका था। मगर, जिन परिस्थितियों में सुशांत की मौत हुई, उनके चलते इसको लेकर काफ़ी विवाद हुआ।

3 . कंगना रनोट
कंगना रनोट इस साल जमकर विवादों में रहीं। सुशांत की मौत के बाद कंगना ने सोशल मीडिया के ज़रिए नेपोटिज़्म का मुद्दा उछाला और उनके निधन के पीछे परिवारवाद और बॉलीवुड की गुटबाज़ी को ज़िम्मेदार ठहराया। कंगना ने इसको लेकर करण जौहर और भट्ट परिवार पर भी निशाना साधा। महाराष्ट्र पुलिस और सरकार को लेकर ट्वीट किये। कंगना शिव सेना सांसद संजय राउत और बीएमसी से तकरार को लेकर भी विवादों में रहीं।


4 अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न के आरोप
बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप तब विवादों में आये जब एक्ट्रेस पायल घोष ने उन पर घर बुलाकर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाये। इस मामले में पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज़ करवायी गयी है और अभी जांच चल रही है।


5 . 'द कपिल शर्मा शो' को लेकर मुकेश खन्ना की 'महाभारत'

महाभारत में भीष्म पितामह का किरदार निभाने वाले मुकेश खन्ना भी इस साल ख़ूब सुर्खियों में रहे। इस विवाद के बीज तब पड़े, जब महाभारत की स्टार कास्ट में गजेंद्र चौहान, पुनीत इस्सर आदि द कपिल शर्मा शो में पहुंचे थे। मुकेश खन्ना इनमें शामिल नहीं थे, जिसकी वजह उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखकर बतायी थी। उन्होंने शो को घटिया बताते हुए कहा था कि मर्द औरतों के कपड़े पहनकर अश्लील हरकतें करते हैं।

Related News