दिल्ली चुनाव में मतदान की प्रक्रिया शुरू है। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कुल 1.47 करोड़ मतदाता अब दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कॉन्ग्रेस के भाग्य का फ़ैसला करेंगे। केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्द्धन ने कहा है कि ये सत्य और असत्य के बीच की लड़ाई है। वहीं उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कहना है कि शिक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए वोट करें।

सुबह 8 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। कुल मिला कर देखें तो सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को भाजपा से कड़ी टक्कर मिल रही है। जहाँ दिसंबर तक केजरीवाल की पार्टी आगे दिख रही थी, वहीं पल-पल बदलते समीकरण के बीच भाजपा ने पूरे खेल को ही बदल कर रख दिया है। केन्दीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा अध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद भी इस चुनाव की बागडोर अपने हाथों में रखी और घर-घर जाकर पर्चे बाँटे, रोड शो किए और रैलियाँ की।

दिल्ली में करीब डेढ़ करोड़ वोटर हैं। 2015 के विधानसभा में करीब 67 फीसदी मतदान हुआ था। यदि इस बार भी ऐसा हुआ तो एक करोड़ के करीब वोट पड़ेंगे। दिल्ली में इस वक्त भाजपा के सदस्यों की संख्या 62 लाख के करीब है। यदि इन सभी ने वोट डाले तो 11 फरवरी को करिश्मा तय है।

Related News